डीएम ने जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में जल जीवन मिशन की योजनाओं की समीक्षा की

जनपद बांदा।

जिलाधिकारी बांदा अमित आसरी की अध्यक्षता में बुधवार दिनांक 30 सितंबर, 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय स्थित महर्षि बामदेव सभागार कक्ष में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न ग्राम समूह पेयजल योजनाओं की प्रगति एवं पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में जल निगम (ग्रामीण), लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित खटान एवं अमलीकौर ग्राम समूह पेयजल योजनाओं में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के कारण प्रभावित हो रही पेयजल आपूर्ति पर जिलाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लिया।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड ग्रामीण, बांदा के उपस्थित एसडीओ को निर्देशित किया कि पेयजल योजनाओं से संबंधित विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले लाइनमैन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं इंजीनियरों द्वारा दूरभाष पर संपर्क किए जाने पर फोन न उठाने की शिकायत मिलने पर भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अमलीकौर ग्राम समूह पेयजल योजना के लिए पृथक विद्युत फीडर से संबंधित कार्यवाही को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए आगामी दो सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि योजना के संचालन में विद्युत आपूर्ति की समस्या के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो।

बैठक में जल संस्थान की पुरानी पेयजल योजनाओं के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जल निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किए जाने के उपरांत ही संबंधित योजनाओं की सीलिंग की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी प्रकार बांदा-बहराइच मार्ग से संबंधित विभिन्न कार्यों में जल निगम, विद्युत विभाग एवं वन विभाग के स्तर पर आ रही समस्याओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर उनका तीन दिवस के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपदवासियों को नियमित, सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जल निगम (ग्रामीण) के उपस्थित सहायक अभियंता/जूनियर इंजीनियर/कार्यदाई संस्था के इंजीनियर को निर्देशित किया कि पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव की निरंतर निगरानी करते हुए जहां भी समस्या उत्पन्न हो, उसका समयबद्ध निस्तारण कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल से जल की आपूर्ति निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट