जनपद बांदा।
बांदा जनपद में विगत दो दिनों से हो रही लगातार वर्षा के कारण विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने शुकुल कुआँ, कताई मिल, मवई बुजुर्ग एवं पपरेन्दा, परसौड़ा ग्राम सहित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके पर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित एसडीएम, बीडीओ एवं संबंधित अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल निकासी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले स्थानों का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन कर पंप, जेसीबी एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए पानी की निकासी कराई जाए। जिलाधिकारी ने नालियों एवं नालों की सफाई कर अवरुद्ध जल निकासी मार्गों को तत्काल खोलने तथा मुख्य मार्गों, बाजारों, आबादी वाले क्षेत्रों एवं सरकारी परिसरों में जलभराव की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने तथा प्राप्त शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।सड़क पर जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित होने वाले मार्गों पर आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्युत विभाग को जलभराव वाले क्षेत्रों में विद्युत सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि अत्यधिक जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की समस्या को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


