केन जल महाआरती में गोरक्ष पीठाधीश्वर ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ जी को दी श्रद्धांजलि, हनुमान अंश फिल्म के कलाकार सम्मानित

जनपद बांदा।

बांदा में विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति एवं गंगा समग्र, कानपुर प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को केन नदी घाट पर माँ केन की दिव्य महाआरती का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान सैकड़ों भक्तों ने दीप प्रज्ज्वलित कर माँ केन की महाआरती की और जनपद की सुख-समृद्धि, नदी के निर्मल- अविरल प्रवाह एवं गौ माता की रक्षा का आशीर्वाद लिया। इसी पावन अवसर पर गोरक्ष पीठाधीश्वर ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। महाआरती के दौरान सभी भक्तों ने मौन रखकर पूज्य गुरुदेव को नमन किया।

हनुमान अंश फिल्म के कलाकारों का भव्य सम्मान व उद्बोधन:

सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने वाली चर्चित “हनुमान अंश” फिल्म के प्रमुख कलाकारों को माँ केन के मंच से अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। फिल्म हनुमान अंश के कलाकार उदित नारायण गुप्ता ने कहा कि केन नदी घाट की इस महाआरती में आकर मन धन्य हो गया। माँ केन के इस पवित्र तट पर जो ऊर्जा मिली है, वह हमारी फिल्म हनुमान अंश को और आगे ले जाएगी। मैं महेश जी और गंगा समग्र का आभारी हूँ जिन्होंने सनातन के लिए कार्य करने वालों को सम्मान दिया। इस दौरान चंद्रप्रकाश प्रजापति ने कहा कि हमने हनुमान अंश फिल्म सनातन के संस्कारों को युवाओं तक पहुँचाने के लिए बनाई है। आज पूज्य अवैद्यनाथ जी महाराज की पुण्यतिथि पर केन घाट पर सम्मान पाना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। बुंदेलखंड की इस धरती में भक्ति आज भी जीवित है। राघवेंद्र साहू ने कहा माँ केन की आरती में शामिल होकर ऐसा लगा जैसे अयोध्या की सरयू आरती में हों। गंगा समग्र नदियों को बचाने का जो कार्य कर रहा है, वह बहुत पुण्य का कार्य है। हम कलाकार भी इस मुहिम में साथ हैं। जय माँ केन, जय श्री राम।”

इस मौके पर उपस्थित समिति के जिला अध्यक्ष/जिला संयोजक महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति और गंगा समग्र दोनों का लक्ष्य एक ही है – गौ, गंगा और गायत्री की रक्षा। माँ केन, माँ गंगा की प्रमुख सहायक नदी हैं। आज पूज्य अवैद्यनाथ जी महाराज को श्रद्धांजलि देकर और सनातन के प्रचार में लगे कलाकारों का सम्मान करके हम गौरवान्वित हैं।

कार्यक्रम में तमाम पदाधिकारी, केन आरती समिति एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar