54 महीनों में 5000 पौधे लगाने का संकल्प पूरा, समाजसेवी ने डीएम को भेंट किया पौधा

जनपद बांदा।

जनकल्याण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अटूट समर्पण का परिचय देते हुए समाजसेवी गुलाब चंद्र कुशवाहा ने 54 महीनों में 5000 पौधे लगाने का अपना संकल्प सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर उन्होंने जिलाधिकारी अमित आसेरी को एक पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

भगवती मानव कल्याण संगठन के तत्वावधान में संचालित इस अभियान की शुरुआत 11 मार्च 2022 को जनहित से जुड़े 11 प्रमुख संकल्पों के साथ हुई थी। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 11 सितंबर 2026 को 4999 पौधों के बाद जिलाधिकारी को एक पौधा भेंट कर 5000वां पौधा रोपण संकल्प पूर्ण किया गया। इस अभियान में जनपदवासियों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए गुलाब चंद्र कुशवाहा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल 5000 पौधे लगाने का लक्ष्य नहीं था, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित सांसों का अभियान था। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे पेड़ बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो धरती फिर से हरी-भरी हो सकती है। उन्होंने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर उपहार के स्थान पर पौधा भेंट करने की परंपरा अपनाने का भी आह्वान किया।

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने गुलाब चंद्र कुशवाहा के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि 54 महीनों तक लगातार संकल्प पर अडिग रहना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रकृति के प्रति गहरे प्रेम को दर्शाता है। उन्होंने कहा, समाजसेवी गुलाब चंद्र का यह कार्य पूरे बांदा जिले के लिए प्रेरणादायक है। जिला प्रशासन उनकी इस पहल की सराहना करता है और आशा करता है कि वे भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के क्षेत्र में जनजागरण का कार्य करते रहेंगे। कार्यक्रम में फोटोग्राफर एसोसिएशन संघ के अध्यक्ष एवं समाजसेवी सुनील सक्सेना तथा अधिवक्ता संघ बांदा के जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट शिवविलास सोनी उपस्थित रहे।

प्रमुख उपलब्धियां:-

– 11 मार्च 2022 को 11 जनकल्याण संकल्पों के साथ अभियान की शुरुआत।
– 54 महीनों में 5000 पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा।
– 5000वें पौधे के रूप में जिलाधिकारी को पौधा भेंट कर संकल्प पूर्ण।
– पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का प्रेरणादायी संदेश।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट