जनपद बांदा।
पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कमासिन पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल छीनकर फरार हुए एक शातिर एवं हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, धोखाधडी समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की जानकारी के मुताबिक दिनांक 28/29 अगस्त 2026 की शाम थाना बबेरू क्षेत्र निवासी समर द्वारा थाना कमासिन पुलिस को सूचना दी गई कि कमासिन स्थित बिजली पावर हाउस के पास एक अज्ञात व्यक्ति उनकी मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना कमासिन पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्त की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रात्रि गश्त एवं चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को बबेरू की ओर से कमासिन की तरफ एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया तो व्यक्ति मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए उसे पकड़ लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल कमासिन थाना क्षेत्र से छीनी गई थी। इसके बाद पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से छीनी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। बताया गया है कि अभियुक्त कोई सामान्य अपराधी नहीं, बल्कि शातिर एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, हत्या के प्रयास सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम कल्लू उर्फ अंसार पुत्र मुस्तफा उर्फ नौशाद निवासी ग्राम सिमोनी हाल पता ग्राम हरदौली थाना बबेरू जनपद बांदा बताया गया। संबंधित पर मु०अ०सं० 237/26 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस थाना कमासिन जनपद बांदा में अभियोग पंजीकृत किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ०नि० पारसनाथ थाना कमासिन जनपद बांदा, कां० योगेश गुप्ता, कां० सौरभ शुक्ला मौजूद रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


