जनपद बांदा।
बांदा के कमासिन थाना क्षेत्र अंतर्गत दांदों घाट पर शनिवार वार को शाम 6 बजे विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति एवं गंगा समग्र कानपुर प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में भव्य यमुना महाआरती का आयोजन किया गया। यमुना नदी के पावन तट पर आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और आरती के दौरान पूरा दादों घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं आस्था के साथ यमुना मैया की विधि-विधान से पूजा- अर्चना कर आरती उतारी। जैसे ही सामूहिक रूप से ‘यमुना मैया की जय’ के जयघोष गूंजे, पूरा घाट भक्तिमय उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने यमुना नदी की अविरलता, निर्मलता और स्वच्छता के लिए भी संकल्प लिया।
नेपाल जल प्रलय में मृतकों को दी श्रद्धांजलि:
यमुना महाआरती के दौरान नेपाल में आई भीषण जल प्रलय में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी श्रद्धालु कुछ क्षणों के लिए मौन खड़े रहे और दिवंगत आत्माओं की शांति तथा उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
जल है तो कल है, यमुना की स्वच्छता हम सबकी जिम्मेदारी’:
विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति के जिला मंत्री प्रमंजन गुप्ता ने कहा कि नदियां हमारी आस्था के साथ-साथ जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि “जल ही जीवन है और जल है तो कल है। यमुना हमारी आस्था और जीवनदायिनी नदी है, इसलिए इसे स्वच्छ एवं निर्मल रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यमुना नदी में गंदगी ना डालें और अन्य लोगों को भी नदी को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए जागरूक करें।
आस्था के साथ स्वच्छता का भी दिया गया संदेश:
महाआरती के आयोजक ब्लाक अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ साथ नदी संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया उन्होंने कहा कि यमुना नदी को स्वच्छ, निर्मल बनाने के लिए समाज में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस मौके पर विश्व हिन्दू महासंघ व गंगा समग्र तथा क्षेत्र के दर्जनों श्रद्धालु मौजूद रहे । सभी ने यमुना मैया की आरती में शामिल होकर क्षेत्र की सुख समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
Crime 24 Hours / Mitesh Kumar


