जनपद बांदा।
जनपद बांदा में माँ केन के तट पर गंगा समग्र एवं विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में “गौ सम्मान आवाहन अभियान” के अंतर्गत माँ केन की महाआरती बड़े ही श्रद्धाभाव, वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ संपन्न हुई। सैकड़ों गौ भक्तों एवं गंगा प्रेमियों ने माँ केन और गौमाता की आरती कर देश में शांति, पर्यावरण संरक्षण एवं गौ-संरक्षण का संकल्प लिया। इसी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आगामी 27 जुलाई 2026, सोमवार को प्रातः 9:00 बजे रामलीला मैदान, महेश्वरी देवी रोड, बांदा से एक विशाल सर्वधर्म शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पर संपन्न होगी। जहां पर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ज्ञापन की मुख्य मांग में गौमाता को “राष्ट्रमाता” का संवैधानिक दर्जा प्रदान किया जाए, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगे और बेसहारा गोवंश के संरक्षण हेतु ठोस नीति बनाई जाने को लेकर जानकारी दी गई। बताया गया कि इस अभियान की विशेषता यह है कि इसमें सभी धर्म एवं समाज के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। लगातार मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों द्वारा भी गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की जा रही है। उनका मानना है कि गौमाता भारत की सांस्कृतिक धरोहर हैं और इनके संरक्षण से पर्यावरण, कृषि एवं समाज सभी का भला होगा।
इसी भाव को देखते हुए इस शोभायात्रा में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित सर्व समाज के लोग एक मंच पर आएंगे और “गौमाता राष्ट्रमाता” के नारे के साथ राष्ट्रहित एवं गंगा-गौ रक्षा का संदेश देंगे। गंगा समग्र के पदाधिकारी एवं गौ रक्षा समिति के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने कहा कि “गंगा और गौ दोनों ही हमारी सनातन संस्कृति की प्राण हैं। आज माँ केन की आरती से हमने इस अभियान का संकल्प लिया है। 27 जुलाई की शोभायात्रा सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक बनेगी। हम सभी बांदा वासियों से अपील करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में इस यात्रा में शामिल होकर ‘गौमाता राष्ट्रमाता’ के संकल्प को मजबूती दें।”
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


