खखरेरू / फतेहपुर ::- थाना क्षेत्र के दरियामऊ मोड़ के पास सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक चालक बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरगौला निवासी पवन कुमार सोमवार सुबह लगभग 8:00 बजे दरियामऊ बाजार आए हुए थे। वह अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहे थे, तभी मौरंग से लदा एक तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से जा टकराया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए, जबकि पास में खड़े चालक ने सतर्कता दिखाते हुए भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
पीड़ित पवन कुमार ने स्थानीय पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रक्षपालपुर की ओर से आ रहा ट्रक संख्या UP73A7148 अनियंत्रित होकर सीधे बाइक में टकराया, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होकर विजयीपुर की ओर निकल गया।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में ओवरलोड वाहनों के बढ़ते आतंक को लेकर आक्रोश देखा गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि इस विषय में मुझे जानकारी नहीं है जानकारी मिलने पर अग्रिम कार्रवाई किया जाएगा
ब्यूरो रिपोर्ट



