जागरूकता की दस्तक, सुरक्षा का भरोसा—मिशन शक्ति टीम पहुंची गांव

 

– उमरपुर गौती में महिलाओं व बालिकाओं को अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

फतेहपुर खागा ::- महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस की टीम ने ग्राम पंचायत उमरपुर गौती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में जागरूकता बैठक आयोजित की। बैठक में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों तथा किसी भी विषम परिस्थिति में पुलिस की मदद लेने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
बताते चलें कि रविवार को मिशन शक्ति प्रभारी हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश पांडेय के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल रागिनी, स्वाति साहू और प्रज्ञा ओझा ने महिलाओं को महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध तथा बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी को लेकर चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन की मदद लेनी चाहिए। बैठक के दौरान महिलाओं को बताया गया कि आपात स्थिति में 112, महिला संबंधी शिकायतों के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन 181, बच्चों से संबंधित सहायता के लिए 1098 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस टीम ने इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। और पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को सोशल मीडिया और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा किसी के साथ अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने की सलाह दी। वहीं बालिकाओं को किसी भी असहज स्थिति में अपने परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को तत्काल जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। मिशन शक्ति टीम ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाकर उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।