–खागा के गोपालपुर गांव में शनिवार तड़के चार बजे हुआ दर्दनाक हादसा
मवेशियों को चारा देने बाहर गई थी मां, पीछे से भरभराकर ढह गई छत
फतेहपुर खागा ::-
कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब साढ़े चार बजे एक पुराना कच्चा मकान भरभराकर गिर गया, जिसके मलबे में सो रहे दो सगे भाई दब गए। इस हादसे में आठ वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 11 वर्षीय बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है। वहीं, ग्रामीणों ने क्षेत्रीय लेखपाल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आवेदन के बावजूद परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका था। ऐरायां ब्लॉक के गोपालपुर गांव निवासी रावेंद्र सिंह गुजरात के सूरत में मजदूरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी नीतू सिंह अपने दो बेटों—11 वर्षीय गुड्डू और आठ वर्षीय आनंद सिंह के साथ इसी कच्चे मकान में रहती थीं। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मिट्टी की दीवारें बेहद कमजोर हो चुकी थीं।
शनिवार तड़के करीब चार बजे नीतू सिंह दोनों बच्चों को कमरे में सोता हुआ छोड़कर मवेशियों को चारा डालने बाहर गई थीं। इसके करीब 20 मिनट बाद ही अचानक तेज आवाज के साथ मकान की छत ढह गई और दोनों भाई मलबे के नीचे दब गए। नीतू की चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल ले गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने आठ वर्षीय आनंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल गुड्डू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक आनंद गांव के ही परिषदीय विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम अश्वनी पांडेय ने संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि मौके पर राजस्व टीम को भेजकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है और पीड़ित परिवार को नियमानुसार हर संभव सरकारी व आर्थिक मदद जल्द से जल्द दिलाई जाएगी।


