
जनपद बांदा।
सावन माह की पुण्य तिथि पर मंगलवार को विश्व हिंदू महासंघ, गौरक्षा प्रकोष्ठ एवं गंगा समग्र, कानपुर प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में केन आरती स्थल, केन नदी तट पर आयोजित भव्य महाआरती में श्रद्धा, स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का त्रिवेणी संगम देखने को मिला। केन आरती स्थल पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक हाथ में दीप और दूसरे हाथ में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम” के उद्घोष के साथ केन मैया की महाआरती की। सम्पूर्ण आरती स्थल तिरंगे की केसरिया, सफेद और हरी आभा से जगमगा उठा। इस दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चल रहे “हर घर तिरंगा अभियान” को सफल बनाने हेतु उपस्थित समस्त भक्तों को राष्ट्रध्वज का सम्मान करने एवं अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया गया।
समिति के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने केन आरती स्थल पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि “आज हम केन मैया के पावन तट पर खड़े हैं। केन मैया की निर्मल धारा, गंगा मैया का आशीर्वाद और तिरंगे का गौरव – ये तीनों ही हमारी सनातन संस्कृति और राष्ट्र की पहचान हैं। “विश्व हिंदू महासंघ और गंगा समग्र का संकल्प है कि हम नदियों को निर्मल रखेंगे, धर्म की रक्षा करेंगे और देश को मजबूत बनाएंगे। मैं जनपद बांदा के समस्त नागरिकों से आवाहन करता हूं कि 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर पर गर्व, सम्मान और मर्यादा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराएं। तिरंगा हमारे वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। इसका सम्मान सर्वोपरि है। प्रातःकाल श्रद्धा पूर्वक फहराएं और सायंकाल सम्मान पूर्वक उतार कर सुरक्षित स्थान पर रखें। तिरंगे का अपमान कदापि न हो। आइए हम सब मिलकर संकल्प लें कि हर घर तिरंगा लहराएगा, तभी भारत विश्व गुरु और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनेगा।” इस अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ एवं गंगा समग्र, कानपुर प्रांत के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं मातृशक्ति ने केन आरती स्थल पर उपस्थित होकर राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संकल्प लिया।
Crime 24 Hours / Mitesh Kumar


