मेडिकल कॉलेज में 20 अतिरिक्त एम्बुलेंस की मांग, गंभीर मरीजों को मिले निःशुल्क परिवहन सुविधा: शालिनी

जनपद बांदा।

रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में एम्बुलेंस की कमी के चलते गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली परेशानियों को लेकर जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट एवं प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने शनिवार को मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल, बांदा के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को ज्ञापन भेजकर कम से कम 20 अतिरिक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि मेडिकल कॉलेज से गंभीर मरीजों को कानपुर, लखनऊ अथवा अन्य जनपदों में रेफर किए जाने पर एम्बुलेंस के लिए चार से पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। गंभीर मरीजों के लिए एक-एक मिनट कीमती होता है, ऐसे में समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने से उनकी जान पर संकट खड़ा हो जाता है।

सरकारी एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर परिजनों को निजी एम्बुलेंस का सहारा लेना पड़ता है, जिसके संचालक दूसरे जनपदों तक मरीजों को ले जाने के लिए पांच से दस हजार रुपये तक किराया वसूलते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना मुश्किल होता है और उन्हें कर्ज लेकर मरीज को अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज बांदा के साथ चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्र है। इसलिए यहां एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था पूरे बुंदेलखंड की जरूरत है। ज्ञापन में 20 अतिरिक्त एम्बुलेंस के साथ आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से युक्त एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस उपलब्ध कराने, रेफर होने वाले गंभीर मरीजों को निःशुल्क परिवहन सुविधा देने तथा एम्बुलेंस व्यवस्था की नियमित निगरानी कराने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि किसी गरीब मरीज की जिंदगी केवल इसलिए खतरे में नहीं पड़नी चाहिए कि उसके परिवार के पास निजी एम्बुलेंस का किराया देने के पैसे नहीं हैं। स्वास्थ्य सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं। शासन इस मांग पर तत्काल कार्रवाई करे और की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध कराए।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट