जनपद बांदा।
बांदा नगर के कालूकुआं स्थित मन्नत वाली मां महाकाली तापसी आश्रम के सामने ‘डांडिया गरबा 2.0’ का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीडीओ अजय कुमार पांडे तथा विशिष्ट अतिथि प्रतिज्ञा सिंह, सीओ सदर एवं सीओ यातायात की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन में सैकड़ों गणमान्य लोगों ने सहभागिता कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां काली की विशाल प्रतिमा का विधिवत पूजन- अर्चन एवं आरती कर किया गया। इसके उपरांत प्रतिभागियों ने रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक डांडिया एवं गरबा प्रस्तुतियां दीं। बच्चों और प्रतिभागियों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीडीओ अजय कुमार पांडे एवं विशिष्ट अतिथियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए उनकी शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और भारतीय परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न एवं पट्टिका प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर प्रतिभागियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
आयोजन में समिति अध्यक्ष सुखबीर सिंह, उपाध्यक्ष अजीत सिंह, प्रायोजक हिमांशु गुप्ता (श्री राम मार्ट एवं श्री राम कॉरपोरेशन), डॉ. अनन्या सिंह, अखंड प्रताप सिंह, पत्रकार अभय निगम, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी सुनील सक्सेना, पत्रकार रूपा गोयल, गौरव सक्सेना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नृत्य निर्देशन रिचा रैकवार, कोमल एवं पुष्पक का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक संचालन प्रसिद्ध उद्घोषक संजय काकोनियां ने किया। आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। ‘डांडिया गरबा 2.0’ का आयोजन सांस्कृतिक एकता, धार्मिक आस्था और बच्चों की प्रतिभा के उत्सव के रूप में यादगार रहा।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


