नकाबपोश हमलावरों ने अरविंद पासी पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, साजन मेहतर हत्याकांड में था अहम गवाह
प्रयागराज। शहर के अल्लापुर इलाके में बृहस्पतिवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। सैलून में बैठे युवक अरविंद पासी की नकाबपोश हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। सरेशाम हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, अरविंद पासी अल्लापुर स्थित एक सैलून में बैठा था। इसी दौरान नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। हमले के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल अरविंद को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
साजन मेहतर हत्याकांड से जुड़ रहे तार
इस हत्याकांड को साजन मेहतर हत्याकांड से जोड़कर भी देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि अरविंद पासी इस मामले में गवाह था। ऐसे में पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है कि कहीं गवाही को लेकर तो उसकी हत्या नहीं की गई। हालांकि, हत्या की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।


