जनपद बांदा।
मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत गुरुवार को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में अपर पुलिस अधीक्षक बांदा की अध्यक्षता में वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में कोतवाली नगर, साइबर क्राइम थाना एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, सशक्तीकरण, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में छात्राओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न, पीछा करने, बाल विवाह एवं मानव तस्करी से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही शासन की महिला कल्याणकारी योजनाओं, सहायता सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 की जानकारी दी गई। साइबर टीम ने केवाईसी, ओटीपी, यूपीआई, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और साइबर बुलिंग से बचाव के उपाय बताए। किसी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 अथवा साइबर पोर्टल पर शिकायत करने की सलाह दी गई। यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट, सीट बेल्ट, तेज गति एवं मोबाइल फोन के इस्तेमाल से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया। सुरक्षित यात्रा के लिए वाहन चालक की जानकारी परिजनों से साझा करने, लोकेशन शेयरिंग और आपातकालीन नंबर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


