एचआईवी पॉजिटिव गर्भवती महिलाओं को घर-घर पहुंचकर दे रही परामर्श, गोपनीयता का रखा जा रहा विशेष ध्यान

जनपद बांदा।

एस.डी.सेवा संस्थान की ओर से एचआईवी पॉजिटिव गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। संस्थान की सचिव प्रीती साहू द्वारा जरूरतमंद महिलाओं के घर पहुंचकर व्यक्तिगत रूप से गोपनीय काउंसलिंग की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सही स्वास्थ्य जानकारी उपलब्ध कराने के साथ मां और होने वाले शिशु को एचआईवी संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक करना है। काउंसलिंग के दौरान महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, चिकित्सकों की सलाह के अनुसार एंटीरेट्रोवाइरल (एआरटी) दवाओं का नियमित सेवन करने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा सुरक्षित प्रसव के महत्व की जानकारी दी जा रही है।साथ ही नवजात शिशु को संक्रमण से बचाने के लिए प्रसव के बाद आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल, जांच और स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। संस्थान की सचिव प्रीती साहू ने बताया कि एचआईवी संक्रमण को लेकर सामाजिक भ्रांतियों और भेदभाव के कारण कई महिलाएं अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं खुलकर साझा नहीं कर पातीं। ऐसे में घर पहुंचकर व्यक्तिगत काउंसलिंग करने से उन्हें सहज वातावरण में अपनी बात रखने और जरूरी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलता है।उन्होंने बताया कि महिलाओं की पहचान,स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और व्यक्तिगत परिस्थितियों को पूरी तरह गोपनीय रखा जाता है। संस्थान का उद्देश्य है कि एचआईवी पॉजिटिव गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार और उचित परामर्श मिल सके,ताकि वे स्वस्थ जीवन जी सकें और शिशु को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए सभी आवश्यक सावधानियां अपना सकें।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट