रामनरेश गुप्ता ‘लड्डू’ ने थामा कांग्रेस का दामन, जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने दिलाई सदस्यता

जनपद बांदा।

गुरुवार को शहर के अलीगंज स्थित कांग्रेस के कैंप कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा से प्रभावित होकर रामनरेश गुप्ता ‘लड्डू’ ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि आज राजनीतिक परिस्थितियों में राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा और संघ का पूरा तंत्र चिंतित है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का ध्यान राहुल गांधी और उनके द्वारा उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों से भटकाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पिछले तीन-चार वर्षों में ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है, जिन पर बात करने से बड़े-बड़े नेता भी कतराते रहे हैं। इनमें जातिगत जनगणना, युवाओं और छात्रों से जुड़े सवाल तथा सामाजिक न्याय जैसे विषय प्रमुख हैं। उन्होंने दावा किया कि देशभर में युवा, महिलाएं और आम नागरिक राहुल गांधी की विचारधारा एवं उनके प्रयासों को समझ रहे हैं और उनके प्रति विश्वास जता रहे हैं।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति में बड़े परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी लगातार मजबूत होगी।

कार्यक्रम में सुनील चौरसिया ‘पिप्पी’, अरविंद सिंह ‘छुट्टन’, इरफान खान सभासद सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट