जनपद बांदा।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को बांदा के कमासिन कस्बे के विनोबा इंटर कॉलेज खेल मैदान में विराट इनामी दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख रविंद्र गर्ग ने फीता काटकर किया। इसके बाद बजरंगबली के ध्वज का पूजन-अर्चन किया गया। मुख्य अतिथि ने प्रधान प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता के साथ बनारस के पहलवान अनिल और बच्चा अरवारी का हाथ मिलवाकर कुश्ती प्रतियोगिता की शुरुआत कराई।
वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रविंद्र गर्ग ने कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पहलवानों को खेल भावना और ईमानदारी के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। दंगल में आसपास के क्षेत्रों सहित विभिन्न जनपदों से आए पहलवानों ने शानदार दांव-पेच दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

प्रतियोगिता में बनारस के पहलवान अनिल ने बच्चा अरवारी को चित किया, जबकि मोहित मरका ने उदल ओरा को पटकनी दी। कमासिन के रितिक और अमित के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। अमित जालौन ने फूल सिंह हमीरपुर को पराजित किया। सहदेव मूंगस और अमित झांसी के बीच कड़ा मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। रिंकू अरमार ने राहुल पन्ना को हराया। निरंजन गोंडा और मोहित मरका के बीच भी मुकाबला बराबरी पर छूटा। सहदेव मुरवल और सुधीर विनवट के बीच हुए मुकाबले में सुधीर ने जीत दर्ज की। वहीं, अतुल कमासिन ने राहुल पन्ना को शानदार दांव लगाकर चित कर दिया। महिला पहलवानों के मुकाबले में जागृति वर्मा ने दिल्ली की पहलवान सपना को कड़े संघर्ष के बाद पराजित कर जीत हासिल की। महिला कुश्ती को देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा।
दंगल की सबसे बड़ी और आकर्षक कुश्ती फतेहपुर के पुष्कर पहलवान तथा हमीरपुर के रमाशंकर के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने जीत के लिए जोरदार दांव-पेच लगाए। रोमांचक मुकाबले में पुष्कर पहलवान ने बाजी मार ली। जीत के बाद उन्हें 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और गदा कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सुनील सिंह पटेल के हाथों अखाड़े में प्रदान किया गया। दंगल में विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों के मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और पारंपरिक कुश्ती कला के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला। दंगल प्रतियोगिता में मानवाधिकार फोरम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर के प्रजापति एवं जिला पंचायत सदस्य मंजू देवी के प्रतिनिधि के रूप मे विनय कुमार, समाजसेवी राजू चौरसिया, वासिफ खान, संजय सिंह, राजीव सिंह, बसंत लाल यादव, भूपत यादव ,अर्जुन बड़गईंया मुलायम यादव कमल कुमार हरिशंकर गुप्ता सहित सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस प्रशासन मौजूद रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


