सुल्तानपुर घोष/फतेहपुर ऐरायां विकास खंड के चौबे की सराय स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति में मंगलवार को डीएपी खाद वितरण के दौरान टोकन व्यवस्था का पालन न किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि समिति में खाद वितरण के लिए टोकन नंबर जारी किए गए थे, उसके बाद बकायदा सरकारी रजिस्टर में किसानों के नाम भी दर्ज किए गए थे। लेकिन इसके बावजूद टोकन व सीरियल नंबर के मुताबिक खाद का वितरण नहीं किया जा रहा है।जानकारी के मुताबिक बता दें कि मंगलवार को सहकारी समिति में डीएपी खाद वितरण से पहले किसानों को टोकन नंबर दिए गए थे। नियमानुसार टोकन नंबर के आधार पर सरकारी रजिस्टर में किसानों के नाम क्रमवार दर्ज किए जाते हैं और इसी क्रम में खाद वितरण किया जाना चाहिए। किसानों का आरोप है कि निर्धारित क्रम को दरकिनार करते हुए बेतरतीब तरीके से खाद का वितरण किया जा रहा है।अब ऐसे में सवाल उठता है कि जब व्यवस्था का पालन कराने की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मचारी ही पालन नहीं करेंगे, तो किसानों व आम आदमी से नियमों के अनुपालन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है? खाद वितरण में टोकन व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को क्रमवार खाद उपलब्ध कराना और वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखना है।फिलहाल अभी इस मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।
ब्यूरो रिपोर्ट
सहकारी समिति में टोकन व्यवस्था पर उठे सवाल, मनमाने ढंग से खाद वितरण का आरोप


