फतेहपुर
कमिश्नरी बार एसोसिएशन प्रयागराज मंडल के वर्ष 2026-27 के चुनाव में फतेहपुर के अम्बरीष सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उनकी इस उपलब्धि से पैतृक गांव मौहारी-सरकंडी में खुशी का माहौल है। गांव के लोगों ने इसे जनपद के लिए गौरव की बात बताया।
अम्बरीष सिंह मूल रूप से फतेहपुर जिले के असोथर विकासखंड की ग्राम पंचायत सरकंडी के मजरा मौहारी के निवासी हैं। उनका परिवार लंबे समय से गांव से जुड़ा रहा है। उनके पिता शत्रुघ्न सिंह उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता थे। वकालत के सिलसिले में परिवार प्रयागराज में भी रहने लगा था। वहीं, उनके बाबा शिव प्रसाद सिंह कई दशकों तक गांव के मुखिया रहे और क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
कमिश्नरी बार एसोसिएशन प्रयागराज मंडल के चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद अम्बरीष सिंह के समर्थकों और शुभचिंतकों में उत्साह है। उनके निर्वाचन को न्यायिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता और अधिवक्ताओं के बीच उनके जुड़ाव के रूप में देखा जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से गृह जनपद फतेहपुर के साथ ही पैतृक गांव मौहारी-सरकंडी का नाम भी प्रयागराज मंडल में चर्चा में आया है।
निर्वाचन के बाद मंगलवार, 13 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे प्रयागराज स्थित गांधी सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। इस आयोजन को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह है।
अम्बरीष सिंह की इस उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि वह अधिवक्ताओं के हितों और बार एसोसिएशन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उनके निर्विरोध निर्वाचन को लेकर पैतृक गांव में भी लोगों के बीच चर्चा और प्रसन्नता का माहौल है।
ब्यूरो रिपोर्ट


