किसान की हत्या में सीडीआर खंगाल रहीं चार पुलिस टीमें, अब तक नहीं मिला सुराग

 

खागा फतेहपुर

थाना क्षेत्र के सातों पीत गांव के मजरे गड़रियन पुरवा में किसान सीताराम पाल की हत्या के मामले में पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। हत्याकांड का खुलासा करने के लिए गठित चार पुलिस टीमें कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने के साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
किसान सीताराम पाल की 11 अक्टूबर की रात खेत में सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद हत्यारों ने धारदार हथियार से उनके शरीर पर कई वार भी किए थे। वारदात के बाद से पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।
जांच के दौरान पुलिस मृतक के संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। चार टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं, लेकिन अभी तक हत्या की वजह और आरोपियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने बताया कि हत्याकांड के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ करने के साथ सीडीआर समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट