चौडगरा फतेहपुर
फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनपद फतेहपुर से नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों के प्रथम जनपद आगमन पर रविवार को भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कानपुर सीमा स्थित छिवली नदी से शुरू हुआ स्वागत कार्यक्रम औंग, चौडगरा, मलवां होते हुए फतेहपुर शहर पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, ढोल-ताशों और डीजे की धुन पर नवनियुक्त पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया।
भाजपा ने फतेहपुर जनपद से अर्चना त्रिपाठी को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, राजेश सिंह पटेल जनसेवक को क्षेत्रीय महामंत्री तथा सुधा मौर्या एवं मनोज निषाद को क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य मनोनीत किया है। पदाधिकारियों की घोषणा के बाद से ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ था।
छिवली नदी से प्रारंभ हुआ स्वागत काफिला औंग, चौडगरा, मलवां और नउवाबाग चौराहा पहुंचा। इसके बाद स्वागत रथ के माध्यम से कर्पूरी ठाकुर चौराहा, सदर अस्पताल चौराहा, बाकरगंज, ज्वालागंज, वर्मा चौराहा, पटेल नगर चौराहा, पत्थरकटा चौराहा, बुलेट चौराहा, सम्राट अशोक तिराहा और तांबेश्वर चौराहा होते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचा। पटेल नगर चौराहे पर समाजसेवी सभासद सुनील गुप्ता ने सभी नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव की अगुवाई में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों का स्वागत किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अर्चना त्रिपाठी ने संगठन का आभार जताते हुए कहा कि निष्ठावान कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में नेतृत्व करने का अवसर मिलना जनपद के लिए गौरव की बात है।
क्षेत्रीय महामंत्री राजेश सिंह पटेल ने संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ निभाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और कार्यकर्ताओं की क्षमता के आधार पर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य सुधा मौर्या ने कहा कि भाजपा में परिवारवाद से ऊपर उठकर जमीनी कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाती है। वहीं मनोज निषाद ने संगठन का आभार जताते हुए कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं के चिंतन का हिस्सा है।
जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आगामी चुनावों में पूर्ण मनोयोग से कार्य करने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण भाजपा लगातार मजबूत हुई है। मिशन 2027 को फतह करना हमारा लक्ष्य है और इसके लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेंगे।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने सभी नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान राजेंद्र पटेल, जय कुमार सिंह जैकी, विधायक विकास गुप्ता, पूर्व विधायक विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष अपर्णा सिंह गौतम, पंकज त्रिपाठी, रेखा मिश्रा, मधुराज विश्वकर्मा, नीरज सिंह, उदयवीर लोधी, जिला महामंत्री पुष्पराज पटेल, पंकज त्रिवेदी, सुशीला मौर्या, जिला मंत्री विमलेश पाण्डेय, सुनीता गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, अरिमर्दन सिंह, सुधीर मिश्रा, रेखा सरोज, ओम प्रकाश पाल, संतोष गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह, प्रसून तिवारी, शिवाकांत तिवारी, गौरव शुक्ला, सिद्धार्थ दीक्षित, कमलेश योगी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट


