वृद्ध महिलाओं को बेटी की बीमारी का झांसा देकर जेवर ठगने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार

थरियांव फतेहपुर

फतेहपुर। थाना थरियांव पुलिस ने वृद्ध महिलाओं को बेटी अथवा रिश्तेदार की बीमारी का झांसा देकर तंत्र-मंत्र के नाम पर जेवरात ठगने वाले पति-पत्नी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी किए गए जेवरात, घटना में प्रयुक्त दो कीपैड मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी थरियांव के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
ऐसे देते थे घटना को अंजाम:
थरियांव थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 273/2026 के अनुसार, 3 अक्टूबर को ग्राम बहरामपुर निवासी 80 वर्षीय महदेइया अपनी पड़ोसन राजरानी के साथ थरियांव एसबीआई बैंक के पास आई थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनकी पुत्री की तबीयत खराब होने और खागा में इलाज चलने की बात कहकर उन्हें विश्वास में लिया। इसके बाद फोन पर एक महिला से बात कराई गई और तंत्र-मंत्र कराने का झांसा देकर उनकी नाक की कील और गले का लॉकेट ठग लिया गया।
पूछताछ में हुआ गिरोह का खुलासा:
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दोनों मिलकर वृद्ध महिलाओं को बेटी अथवा रिश्तेदार की बीमारी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। इन्द्रजीत अपनी पत्नी रानी से फोन पर बात कराकर रिश्तेदारी का नाटक करता था और विश्वास में लेने के बाद महिलाओं से जेवरात ठग लिए जाते थे। आरोपियों ने थरियांव की घटना के अलावा थाना असोथर क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात करना स्वीकार किया है। असोथर थाने में इस संबंध में मुकदमा संख्या 185/2026 दर्ज है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
इन्द्रजीत उर्फ टिर्रा पुत्र गया सिंह, निवासी ग्राम रामपुर, थाना किशनपुर, फतेहपुर।
रानी पत्नी इन्द्रजीत उर्फ टिर्रा, निवासी ग्राम रामपुर, थाना किशनपुर, फतेहपुर।
बरामदगी:
02 नाक की कील, पीली धातु
01 लॉकेट, पीली धातु
02 नीले रंग के कीपैड मोबाइल फोन
230 रुपये नकद
पुलिस के अनुसार इन्द्रजीत उर्फ टिर्रा के खिलाफ फतेहपुर, चित्रकूट और कौशाम्बी जनपदों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 11 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर 4 अक्टूबर 2026 को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक सतीश कुमार, उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, हेड कांस्टेबल नरसिंह यादव, हेड कांस्टेबल पंकज त्रिपाठी (चालक), महिला कांस्टेबल रोशनी, कांस्टेबल संजय यादव एवं कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार।
ब्यूरो रिपोर्ट