जनपद बांदा।
पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय, बांदा में 17 वर्षों से निर्मित महिला छात्रावास को संचालित करने सहित महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा पांच दिनों से चलाया जा रहा आंदोलन शुक्रवार को प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। पांचवें दिन जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी एवं सिटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में जिलाधिकारी ने स्वयं अभाविप का ज्ञापन लिया और मांगों के समाधान के लिए स्पष्ट समयसीमा निर्धारित की। जानकारी के अनुसार अभाविप ने महिला छात्रावास के संचालन, महाविद्यालय के जर्जर भवनों की मरम्मत, खेल मैदान में बाउंड्रीवाल, खेल सामग्री की जांच एवं उपलब्धता, पुस्तकालय में आवश्यक पुस्तकों, परिसर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण, छात्र- छात्राओं के प्रसाधन तथा कक्षाओं के नियमित संचालन सहित विभिन्न मांगें प्रशासन के समक्ष रखी थीं। अभाविप बांदा जिला संयोजक कार्तिकेय गुप्ता द्वारा जानकारी दी गई कि लिखित आश्वासन के अनुसार महिला छात्रावास को 1 नवंबर, प्रशासनिक एवं अन्य समितियों के गठन को 4 अक्टूबर, समय-सारिणी के प्रदर्शन को 7 अक्टूबर, प्रसाधन एवं कक्षाओं की व्यवस्था को 17 अक्टूबर तथा परिसर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को 25 अक्टूबर तक पूरा किए जाने की समयसीमा दी गई है। खेल सामग्री की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई 3 नवंबर तक तथा खेल मैदान की बाउंड्रीवाल का निर्माण तीन माह के भीतर पूरा किए जाने का आश्वासन दिया गया है।

अभाविप बांदा जिला संयोजक कार्तिकेय गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय की मूलभूत एवं शैक्षणिक समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अभाविप ने पांच दिनों तक शांतिपूर्ण आंदोलन किया। प्रशासन द्वारा मांगों पर कार्रवाई के लिए लिखित समयसीमा दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया है। महिला छात्रावास के संचालन, कक्षाओं एवं प्रसाधन व्यवस्था, परिसर के सौंदर्यीकरण, खेल सुविधाओं, पुस्तकालय तथा बाउंड्रीवाल सहित सभी विषयों पर निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का आश्वासन मिला है। अभाविप इन कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन की अपेक्षा करती है और विद्यार्थियों के हित में आवश्यक सहयोग एवं संवाद जारी रखेगी। आंदोलन में शिवम पांडेय (विभाग संगठन मंत्री), सुभाष त्रिपाठी (सह प्रांत संयोजक), कमल रंजन (विभाग संयोजक), अभिषेक अग्रहरि, राहुल द्विवेदी, गोविंद तिवारी, स्नेहा नामदेव (जिला छात्रा प्रमुख), अभय साहू (तहसील संयोजक), रामेन्द्र शर्मा (नगर मंत्री), शैलेन्द्र दीक्षित, युवराज सिंह, प्रवीण , ओम सिंह, अक्षय मिश्रा, अभय सोनी, हिमांश श्रीवास, हर्ष, दिलीप यादव , अंश पुष्पक, अम्मू अवस्थी, दुर्गेश, अम्ब्रिका , शिवम, निखिल, सुरभि, शैलेंद्र लोधी, अंशिका, समीर सिंह, पूनम, प्रीति, रूपाली, रीता, हिमांशी, अंकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


