विकास योजनाओं की प्रगति में तेजी लाएं, जनशिकायतों का संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करें: आयुक्त अजीत

जनपद बांदा।

आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में मण्डलीय विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मण्डल के चारों जनपदों में संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, जनशिकायतों के निस्तारण तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं की विभागवार गहन समीक्षा की गई। आयुक्त महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

आईजीआरएस एवं जनशिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता पर विशेष जोर:-

जल जीवन मिशन से संबंधित आईजीआरएस शिकायतों की खराब रैंकिंग पर आयुक्त महोदय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित मण्डल एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत का केवल पोर्टल पर निस्तारण कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि एवं निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

कृषि विभाग की समीक्षा में 39 शिकायतों में से 29 शिकायतों के फीडबैक असंतुष्ट पाए जाने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा उप निदेशक कृषि का रैंक सुधार होने तक वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी प्रतिदिन कम से कम दो घंटे जनशिकायतों की सुनवाई करें। अधिकारी शिकायतकर्ता से स्वयं वार्ता कर समस्या की वास्तविक स्थिति समझें तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करें। इस कार्य की प्रतिदिन समीक्षा आयुक्त द्वारा स्वयं वीडियोकान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से की जायेगी।

जल जीवन मिशन के अन्तर्गत पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों, जिनका समुचित पुनर्स्थापन नहीं हुआ है, की क्रॉस-चेकिंग कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। चिल्ला चौराहा सड़क चौड़ीकरण के संबंध में जिलाधिकारी, बाँदा अमित आसेरी द्वारा अवगत कराया गया कि कार्य के दौरान जल जीवन मिशन की पाइपलाइन भी प्रभावित हो रही है। इस पर आयुक्त महोदय ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सड़क चौड़ीकरण एवं पाइपलाइन से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान पशु टीकाकरण की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। मण्डल में 42,000 के सापेक्ष लगभग 900 टीकाकरण की प्रगति को देखते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर अभियान को गति देने को कहा गया।

आयुक्त ने जलभराव वाले क्षेत्रों में पशुओं की सुविधा के लिए खड़ंजा आदि की व्यवस्था हेतु कार्ययोजना तैयार करने तथा सभी जनपदों में हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में खण्ड विकास अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर गौशालाओं की रैण्डम जांच कराने तथा व्यवस्थाओं की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

वृद्धावस्था पेंशन सहित समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को समय से लाभान्वित करने तथा प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। दिव्यांगजन पेंशन, आधार सीडिंग एवं सहायक उपकरण वितरण की समीक्षा करते हुए आयुक्त महोदय ने निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों का समय से चिन्हांकन कर कैंप आयोजित करते हुए जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सहायक उपकरणों का वितरण कराया जाए। मोटराइज्ड ट्राई साइकिल योजना की भी समीक्षा की गई।

मण्डल के सभी जनपदों के विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में विद्यार्थियों को ड्रेस एवं पुस्तकों का समय से वितरण, स्वच्छता, रसोईघर की साफ-सफाई तथा शिक्षकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए।

विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निचले स्तर तक कार्यों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण कर आमजन को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय कार्यों को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से अधिकतम शासकीय कार्यों का सम्पादन सुनिश्चित किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में अपर निदेशक स्वास्थ्य को निर्देशित किया गया कि मण्डल के सभी जनपदों में अभियान चलाकर ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कराए जाएं, जिससे अस्पतालों में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे। सभी अस्पतालों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता तथा चिकित्सकों द्वारा अनावश्यक रूप से बाहर की दवाएं न लिखे जाने के निर्देश दिए गए। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान जनपद महोबा की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को रैंकिंग में सुधार लाने तथा योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को मण्डल के सभी जनपदों की सड़कों को गड्ढामुक्त कराने तथा वर्षा समाप्त होने के उपरान्त क्षतिग्रस्त सड़कों पर शीघ्र पैचिंग कार्य कराने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने ओडीओपी वित्त पोषण योजना की समीक्षा करते हुए सभी जनपदों को रैंकिंग में सुधार लाने तथा पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही महोबा को पुराने वादों के निस्तारण में प्राथमिकता के आधार पर तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम कुसुम योजना, डीबीटी, एनआरएलएम, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, जननी सुरक्षा योजना, मोबाइल मेडिकल यूनिट, सीटी स्कैन, दिव्यांग पेंशन, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, 15वां वित्त आयोग, राज्य वित्त आयोग, स्वच्छ भारत मिशन, अंडा उत्पादन, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पशु टीकाकरण, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति, शादी अनुदान, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, आईसीडीएस एवं पोषण अभियान, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रोजेक्ट अलंकार, लोक निर्माण विभाग की नई सड़कों का निर्माण, कन्या विवाह सहायता योजना एवं सेवायोजन सहित विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

अन्त में आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करते हुए योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। विकास कार्यों की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय मॉनिटरिंग की जाए तथा जिन योजनाओं अथवा कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं है, उनमें कारणों का चिन्हांकन कर समयबद्ध कार्ययोजना के माध्यम से सुधार सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी बाँदा अमित आसेरी, जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग, मण्डल के समस्त मुख्य विकास अधिकारी, अपर आयुक्त (प्रशासन) अमरपाल सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त अरविन्द कुमार सहित मण्डल एवं जनपद स्तरीय संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट