प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर केन घाट पर हुआ भव्य दीपोत्सव, महाआरती एवं आतिशबाजी

जनपद बांदा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार दिनांक 17 सितंबर 2026 की देर शाम को केन आरती स्थल घाट, भूरागढ़, बांदा में विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति एवं गंगा समग्र के संयुक्त तत्वाधान में भव्य दीपोत्सव, माँ केन की महा आरती एवं आतिशबाजी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गंगा समग्र पूर्व आयाम के राष्ट्रीय प्रमुख स्वामी हरि नारायण महाराज उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 1100 दीपों से केन घाट को सजाया गया और माँ केन की महा आरती कर प्रधानमंत्री जी की दीर्घायु की कामना की गई।

इस दौरान स्वामी हरि नारायण महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन केवल एक व्यक्ति का जन्मदिन नहीं, बल्कि राष्ट्र के नवजागरण का पर्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भारत को विश्व गुरु बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने माँ गंगा को निर्मल-अविरल बनाने का जो बीड़ा उठाया है, वह सनातन धर्म की रक्षा का बीड़ा है। केन और गंगा हमारी माताएं हैं, गौ माता हमारी संस्कृति है। मोदी जी ने इन तीनों की रक्षा के लिए कार्य किया है। हम सभी को उनके हाथों को मजबूत करना है। मैं माँ केन से प्रार्थना करता हूँ कि प्रधानमंत्री जी को सौ वर्ष की आयु दे ताकि भारत परम वैभव तक पहुंचे।

महेश कुमार प्रजापति, जिला अध्यक्ष, विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति एवं जिला संयोजक, गंगा समग्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज हम सब यहाँ एक ऐसे महामानव का जन्मदिन मना रहे हैं जिसने भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। कश्मीर से धारा 370 हटाना हो, राम मंदिर बनाना हो या गौ माता और गंगा मैया की रक्षा करना हो, मोदी जी ने जो कहा वो किया है। आज केन घाट पर 1100 दीप जलाकर हमने यही संकल्प लिया है कि हम गौ रक्षा और गंगा समग्र के माध्यम से मोदी जी के स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के सपने को पूरा करेंगे। मैं भूरागढ़ की इस पावन धरती से प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ। विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति प्रधानमंत्री जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।”

कार्यक्रम के अंत में आतिशबाजी कर, प्रसाद वितरण किया गया और भारत माता की जय, जय श्री राम के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर गंगा समग्र एवं विश्व हिंदू महासंघ के सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं भक्तगण उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar