जयराम जी तिवारी की रिपोर्ट
बलिया। थाना मनियर पुलिस की सक्रियता और न्यायालय के आदेश के बाद साइबर फ्रॉड के पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने धोखाधड़ी कर निकाली गई धनराशि में से होल्ड कराए गए 3,69,240 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए।
अहिरौली पाण्डेय निवासी मोतीलाल हरिजन के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से साइबर जालसाजों ने कुल 7 लाख रुपये निकाल लिए थे। मामले में थाना मनियर में मु0अ0सं0 170/2021 के तहत धारा 379, 411, 419, 420बी, 467, 468, 471 आईपीसी तथा 66(बी), 66(सी) आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान ठगी की रकम में से 3,69,240 रुपये होल्ड करा लिए गए थे। प्रकरण में माननीय न्यायालय ने उक्त होल्ड धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करने का आदेश दिया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने पूरी धनराशि मोतीलाल हरिजन के एसबीआई खाते में वापस करा दी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी)/नोडल साइबर सेल संजय वर्मा के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के मार्गदर्शन तथा थानाध्यक्ष मनियर अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित मोतीलाल हरिजन ने बलिया पुलिस और थाना मनियर पुलिस टीम के प्रति आभार जताते हुए सराहना की।


