बांदा के कराटे चैंपियंस का दबदबा, नेशनल प्रतियोगिता में जीते 10 मेडल, जैन धर्मशाला में हुआ भव्य सम्मान

जनपद बांदा।

लखनऊ स्थित के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित ‘वर्ल्ड मॉडर्न कराटे नेशनल प्रतियोगिता’ में बांदा जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 मेडल अपने नाम किए हैं। ‘वीरांगना झलकारी बाई आत्म सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान बुंदेलखंड’ से जुड़े इन खिलाड़ियों की ऐतिहासिक सफलता और हाल ही में गोवा-श्रीलंका प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटने के उपलक्ष्य में जैन धर्मशाला में एक भव्य सम्मान समारोह एवं पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को माला, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान संस्थान के बच्चों ने विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के विभिन्न हैरतअंगेज हुनर का प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। पदक विजेताओं की सूची में गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) हर्ष कुमार और रमन यादव, सिल्वर मेडल (रजत पदक): जीशान सिद्दीकी, अंजलि अनुरागी, अभय कुमार, प्रिंस प्रजापति और लोकेश कुशवाहा तथा ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक): रिन्कू राजपूत, आशु चोट अनुरागी और शम्भू यादव ने हासिल किया।

वीरांगना झलकारी बाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण संस्थान के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मार्शल आर्ट्स केवल एक खेल नहीं, बल्कि प्राचीन भारतीय आत्मरक्षा शैली है जो बच्चों में आत्मविश्वास जगाती है। अतिथियों ने चिंता जताते हुए कहा कि बांदा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन आधुनिक ट्रेनिंग किट, प्रैक्टिस हॉल और वित्तीय संसाधनों के अभाव में बच्चों का हुनर दब जाता है। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार, स्थानीय प्रशासन और समाजसेवी संस्थाओं से खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि ये बच्चे भविष्य में ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर सकें। इस अवसर पर राजेंद्र कबीर (उत्सव ज्वैलर्स), संस्थान संयोजक शिवप्रसाद भारती, संतोष कबीर, ब्लैक बेल्ट हर्ष कुमार, टीम मैनेजर आशुतोष कुमार, कोच अरविन्द कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षक, अभिभावक व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट