नगर पंचायत चरवा में शान से निकली विशाल तिरंगा यात्रा, गूंजा भारत माता की जय का जयघोष

चरवा, कौशाम्बी ::- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद कौशाम्बी के चायल तहसील क्षेत्र स्थित नगर पंचायत चरवा में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की अद्भुत मिसाल देखने को मिली। नगर पंचायत कार्यालय पानी टंकी परिसर से युवा नगर पंचायत अध्यक्ष जग नारायण पासी के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

तिरंगा यात्रा में आदर्श इंटर कॉलेज चरवा के छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं की विशेष भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही। देशभक्ति गीतों, नारों और लहराते तिरंगों के बीच निकली यात्रा ने नगर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का जोरदार संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा नगर पंचायत चरवा कार्यालय पानी टंकी से प्रारंभ होकर आदर्श इंटर कॉलेज, चरवा चौराहा होते हुए शहीद चंद्रमणि सिंह यादव के समाधि स्थल पहुंची। यहां शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद यात्रा चराई-सिरसी होते हुए पुनः आदर्श इंटर कॉलेज चरवा पहुंची, जहां भव्य रूप से यात्रा का समापन किया गया।

इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सूर्य प्रकाश, आदर्श ग्राम सभा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ज्ञान प्रकाश, दीपक बाबू सहित सम्मानित सभासद राजेश कुमार, अरुण कुमार, राहुल कुमार, अशोक पांडेय, नामित सभासद विक्की पांडेय, राजेंद्र कुशवाहा तथा व्यापार मंडल अध्यक्ष कैलाश केसरवानी समेत अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं नगरवासी मौजूद रहे।

यात्रा के दौरान नगरवासियों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। विशाल जनसमूह ने यह संदेश दिया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की शान, स्वाभिमान, त्याग, बलिदान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।

नगर पंचायत अध्यक्ष जग नारायण पासी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के बलिदान को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत चरवा को स्वच्छ, सुंदर, विकसित और बेहतर बनाने के लिए सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।

विशाल तिरंगा यात्रा ने चरवा नगर में देशभक्ति की ऐसी अलख जगाई, जिसकी गूंज देर तक सुनाई देती रही। यात्रा के माध्यम से नगरवासियों ने एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संकल्प दोहराते हुए स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया।

अरुणेश मिश्रा की रिपोर्ट