जनपद बांदा।
देश की आजादी के 80वें वर्ष के पावन अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद रजि. बांदा इकाई द्वारा जिला कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने देश की आन- बान-शान तिरंगे को सलामी देते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष नीरज निगम, महिला विंग जिला अध्यक्ष रूपा गोयल, युवा जिला अध्यक्ष श्रीकांत श्रीवास्तव एवं मंडल अध्यक्ष ललित कुमार के नेतृत्व में किया गया। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके उपरांत विधिवत ध्वजारोहण किया गया और उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। पूरा परिसर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर भी है, जिनके त्याग और संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने, आम जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता के वातावरण को मजबूत करना भी समाज और शासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। परिषद पत्रकारों के हितों एवं उनकी सुरक्षा के लिए निरंतर आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने सभी देशवासियों से आह्वान किया कि वे जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि हमें संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव सजग रहना चाहिए तथा युवा पीढ़ी को देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना चाहिए। कार्यक्रम में ललित कुमार, नीरज निगम, रूपा गोयल, श्रीकांत श्रीवास्तव, संध्या धुरिया, अधिवक्ता यादवेन्द्र कुमार, मोनिका सिंह, आमोद कुमार, राकेश गुप्ता, देवेंद्र निगम, नरेश निगम, मितेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, जीवेश प्रकाश, अमर सिंह, आसिफ अली सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा समाज और देशहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। राष्ट्रभक्ति के उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और सभी ने गर्व के साथ कहा— जय हिंद! वंदे मातरम्! भारत माता की जय!
Crime 24 Hours / Mitesh Kumar


