बांदा की मरौली खंड 06 सहित अन्य अवैध बालू/मोरम खनन पर कार्यवाही हेतु लिखा सीएम को पत्र

 

जनपद बांदा।

 

बांदा जनपद में अवैध बालू/मोरम खनन को लेकर गंगा समग्र कानपुर प्रांत, बांदा इकाई के जिला संयोजक महेश कुमार प्रजापति ने मुख्यमंत्री को पत्र के माध्यम से खनन माफियाओं पर लगाम लगाने हेतु आवश्यक कार्यवाही हेतु मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान में बांदा जनपद में खनन माफियाओं द्वारा एनजीटी के नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है और इसके अंतर्गत आए दिन खबरें भी प्रकाशित हो रही है लेकिन जिला प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही न किए जाने से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, वर्तमान में अवैध खनन का मामला बांदा के मरौली खंड संख्या-06 में बालू का अवैध खनन जोरो पर है साथ ही केन नदी का सीना छलनी किया जा रहा है, जबकि यह न केवल गैरकानूनी है बल्कि प्रकृति के साथ ऐसा अपराध है जिसकी भरपाई आने वाली पीढ़ियां भी नहीं कर पाएगी। खनन नियमावली के अनुसार नदी की बीच जलधारा में खनन करना और पोकलैंड जैसी भरी मशीनों का प्रयोग प्रतिबंधित है किंतु मरौली खंड संख्या-06 में नदी की बीच जलधारा में अवैध रूप से पोकलैंड मशीनें गरज रही है और नदी के अस्तित्व को तबाह करने में लगी हैं, और अधिकारियों द्वारा निरीक्षण करने के पहले ही मशीनों को हटा लिया जाता है इसका मतलब प्रशासन में ही कोई मध्यस्थता कर रहा है जोकि खनन माफियाओं को संरक्षित करने में सहयोगी बने हुए हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि अगर जल्द कार्यवाही नहीं की गई तो खनन माफिया बांदा को एक सूखे रेगिस्तान में परिवर्तित कर देंगे और बांदा की जीवनदायनी केन मां का अस्तित्व खत्म कर देंगे, बांदा के कई क्षेत्रों में अवैध खनन का खेल ऐसे ही खेला जा रहा है, ग्रामीणों ने बताया है कि जिला प्रशासन से कई बार शिकायत की गई है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की जाती और भारी भरकम वाहनों से सड़कों और खेतों को नष्ट किया जा रहा है साथ ही कई दुर्घटनाएं भी हुई हैं।

 

इस मामले को लेकर पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि बांदा की जीवनदायनी केन मां के अस्तित्व को बचाने हेतु आवश्यक कार्यवाही किया जाना यथोचित है और संबंधित खनन माफियाओं एवं उनके सहयोगियों जोकि प्रशासन में रहकर उनकी मदद कर रहे हैं ऐसे सभी संबंधित पर भी आवश्यक कठोर कार्यवाही करें।

Crime 24 Hours/ब्यूरो रिपोर्ट