फतेहपुर ::- जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी रविंद्र सिंह व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक रणनीति अपनाई जा रही है, जिसमें संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी, सतत गश्त और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है।
जुम्मे की नमाज को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक तथा अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी ने अपर पुलिस अधीक्षक के साथ मिलकर थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया साथ ही कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ईदगाह पहुंच कर सौहार्द एवं शांतिपूर्ण ढंग से ईद अदा करने की अपील की गई इस दौरान अधिकारियों ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखें और किसी भी सूचना पर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जिले में भयमुक्त, सुरक्षित वातावरण बनाए रखना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराना रहा। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें, प्रशासन का सहयोग करें और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखें।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आमजन ने भी प्रशासन की मुस्तैदी की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
पुलिस की इस सक्रिय और सख्त व्यवस्था से जनपद में सुरक्षा, विश्वास और कानून के प्रति सम्मान का माहौल और अधिक मजबूत होता दिखाई दे रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट



