लार(देवरिया) से मन्नवर अंसारी की रिपोर्ट
पंचायत चुनाव की औपचारिक और आधिकारिक घोषणा भले ही नहीं हुई है लेकिन इस भयंकर सीतलहर में गावों में माहौल पंचायती हो चुका है। ग्राम प्रधान से लेकर जिला पंचायत सदस्य तक के संभावित प्रत्याशी अब कंबल वितरण से लगायत भोज भात की दावत शुरू कर दिए हैं। गांवों में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। संभावित प्रत्याशी अभी से चुनावी मैदान में उतरकर समर्थन जुटाने में लग गए हैं। चौपालों, खेत-खलिहानों और चाय की दुकानों पर पंचायत चुनाव ही चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है। गांवों में जनसंपर्क का दौर शुरू हो चुका है। प्रत्याशी ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं और उन्हें दूर करने के वादे कर रहे हैं। सड़क, पानी, बिजली, नाली, आवास और रोजगार जैसे मुद्दे चुनावी चर्चा के केंद्र में हैं। कई जगहों पर पुराने पंचायत प्रतिनिधियों के कामकाज की समीक्षा भी होने लगी है, तो वहीं नए चेहरे बदलाव की बात कर रहे हैं। सबसे ज्यादा भाग दौड़ जिला पंचायत सदस्य के संभावित प्रत्याशी कर रहे हैं।
राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी सक्रिय हो गए हैं। समर्थकों की बैठकों का सिलसिला शुरू हो चुका है और रणनीति तैयार की जा रही है। जातीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों के नामों पर मंथन जारी है। महिलाएं और युवा मतदाता भी अब खुलकर अपनी राय रखने लगे हैं। कुल मिलाकर पंचायत चुनाव को लेकर गांवों का माहौल तैयार होता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में प्रचार और तेज होने की संभावना है, जिससे गांवों की राजनीति और भी दिलचस्प हो जाएगी। सोशल मीडिया पर भी नव वर्ष की बधाईया तथा पर्व व त्योहार पर शुभकामना का दौर शुरू है।
लार विकास खंड के मेहरौना में शनिवार को ग्राम प्रधान प्रत्याशी शाहील सिद्दीकी के द्वारा गरीब व असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस संबंध में प्रधान प्रत्याशी शाहील सिद्दीकी ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। उन्होंने कहा कि विगत चार साल से लगातार पंचायत के असहाय व निर्धन परिवार के बीच कंबल का वितरण करते हैं।



