संवाददाता, लार (देवरिया)।
पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लार क्षेत्र के रामनगर स्थित मदरसा दारुल उलूम मोहम्मदिया में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मदरसे के प्रिंसिपल, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने अपनी माँ के नाम और देशहित में एक-एक पौधा लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान मदरसा परिसर तथा आसपास करीब 150 पौधों का रोपण किया गया। प्रिंसिपल मोहम्मद सईद अख्तर ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा दूसरों को भी इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उनका कहना था कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी माँ के नाम और देशहित में कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम में मदरसे के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।


