जगन्नाथ मेमोरियल एजुकेशन विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

 

खागा फतेहपुर

खागा नगर के राजपूत नगर स्थित जगन्नाथ मेमोरियल एजुकेशन विद्यालय में शनिवार को शिक्षक दिवस बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देश की प्रथम महिला शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले, ज्योतिराव फुले, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर, पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सहित अन्य महापुरुषों के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अखिलेश कुमार मौर्य, प्रधानाचार्य रामेन्द्र भास्कर तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महापुरुषों के विचारों को याद करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिसर में शिक्षक दिवस को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति निरंतर आगे बढ़ने और महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए किया गया।
ब्यूरो रिपोर्ट