अज्ञात ट्रक की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, साथी गंभीर घायल

खागा फतेहपुर

खागा कोतवाली क्षेत्र के दयालपुर गांव निवासी करीब 20 वर्षीय संजय पासवान पुत्र शियाराम की शनिवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उसका साथी करीब 18 वर्षीय प्रांजल सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार मेडिकल कॉलेज फतेहपुर में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार संजय पासवान प्रतिदिन की तरह अपने साथियों के साथ सैनिक भर्ती की तैयारी के लिए सुबह दौड़ लगाने जा रहा था। शनिवार 5 सितंबर 2026 को सुबह करीब साढ़े चार बजे स्कूरी गांव और ब्रिज के पास फतेहपुर की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने पीछे से दोनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय पासवान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि प्रांजल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल फतेहपुर भेजा गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज फतेहपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही खागा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फतेहपुर मोर्चरी भेज दिया। पुलिस द्वारा फरार अज्ञात ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। माता का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि संजय के पिता, चाचा और दादा रोजी-रोटी के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन दिल्ली से फतेहपुर के लिए रवाना हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर खागा विधायक एवं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ब्यूरो रिपोर्ट