बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर दबंगों का जानलेवा हमला

गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

खागा फतेहपुर

खागा कोतवाली क्षेत्र के गुखुरूवापुर गांव में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित दावत से लौट रहे एक युवक पर विवाद में बीच-बचाव करना भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद में बीच-बचाव करने से नाराज दबंगों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। गंभीर रूप से घायल युवक के बेहोश होकर जमीन पर गिरने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार बिहारीपुर पोस्ट फतेहपुर टेकारी निवासी केशव प्रसाद मौर्य 5 सितंबर 2026 की रात करीब एक बजे गुखुरूवापुर गांव में जन्माष्टमी की दावत से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ब्रजेश सिंह, बिमलेश, विकास सिंह पुत्र धर्मपाल तथा प्रियाशु पुत्र विकास सिंह आपस में विवाद कर रहे थे। केशव प्रसाद ने विवाद को शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने का प्रयास किया।
आरोप है कि बीच-बचाव करने से नाराज होकर उक्त लोगों ने केशव प्रसाद के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान केशव प्रसाद जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घायल केशव प्रसाद को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदों लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें फतेहपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है। परिजनों के मुताबिक घायल के दोनों पैरों की गांठों, हाथों तथा सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित पक्ष की ओर से घटना की लिखित सूचना खागा कोतवाली में दी गई है। पुलिस द्वारा मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई एवं मुकदमा दर्ज किए जाने की बात कही गई है। घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ब्यूरो रिपोर्ट