फतेहपुर, 3 अक्टूबर। जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी ने बताया कि शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे मुख्यमंत्री द्वारा लोकभवन, लखनऊ से पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत प्रदेश के सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति की धनराशि भेजी गई।
इस कार्यक्रम का जनपद के विभिन्न इंटर कॉलेजों में सजीव प्रसारण किया गया। सुखदेव इंटर कॉलेज, खागा में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, आशा सिंह बालिका इंटर कॉलेज, खागा में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, बहुआ में विधायक विकास गुप्ता (अयाहशाह) तथा जानकी इंटर कॉलेज, बकेवर में विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल (जहानाबाद) की अध्यक्षता में छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
जनपद में वितरित छात्रवृत्ति की धनराशि
पूर्वदशम (कक्षा 9-10): सामान्य वर्ग के 449 छात्रों को 13.47 लाख रुपये तथा अनुसूचित जाति के 1,387 छात्रों को 19.41 लाख रुपये का भुगतान।
दशमोत्तर (कक्षा 11-12): सामान्य वर्ग के 370 छात्रों को 11.07 लाख रुपये तथा अनुसूचित जाति के 801 छात्रों को 9.30 लाख रुपये का भुगतान।
इस प्रकार जनपद में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर कक्षाओं के कुल 3,007 छात्र-छात्राओं को लगभग 53.25 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि वितरित की गई।


