रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में मरीजों के साथ दुर्व्यवहार व भ्रष्टाचार के आरोप, मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग

जनपद बांदा।

रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल बांदा में मरीजों के साथ कथित भ्रष्टाचार, दुर्व्यवहार, बाहर की दवाएं लिखने तथा निजी अस्पतालों में इलाज के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए सुजाता देवी, सदस्य जिला पंचायत बांदा, वार्ड नं० 15 तिंदवारा, ब्लॉक बड़ोखर खुर्द के लेटरपेड के माध्यम से प्रतिनिधि धीरज राजपूत के नेतृत्व में तमाम लोगों के साथ मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है। ज्ञापन में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सुधारने और जिम्मेदार चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मेडिकल कॉलेज में गरीब, शोषित एवं वंचित मरीजों को इलाज के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को इलाज से संबंधित दवाएं मेडिकल कॉलेज के बजाय बाहर के मेडिकल स्टोरों से खरीदने के लिए लिखी जाती हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है और उन्हें समुचित उपचार मिलने में कठिनाई होती है।

इसके अलावा आरोप लगाया गया कि बीमारी अथवा चोट से पीड़ित मरीजों को निजी अस्पतालों में उपचार कराने के लिए स्टाफ के माध्यम से दबाव बनाया जाता है। मरीजों की जांच भी कथित तौर पर चिकित्सकों के संपर्क वाले निजी जांच केंद्रों पर कराने के लिए भेजा जाता है।

ज्ञापन में मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार तथा जानकारी मांगने पर बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाते हुए इस व्यवस्था पर अंकुश लगाने की मांग की गई है। साथ ही रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमीट्रिक व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई है।

अस्पतालों में भर्ती मरीजों के उपचार के लिए चिकित्सकों के राउंड का समय निर्धारित करने तथा नियमित निरीक्षण कराने पर भी जोर दिया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि कई बार मरीजों को दो-दो और तीन-तीन दिन तक चिकित्सकों के राउंड का इंतजार करना पड़ता है, जबकि डॉक्टर अपने निजी क्लीनिकों में उपलब्ध रहते हैं, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं नहीं मिल पातीं।

ज्ञापन के माध्यम से सरकारी अस्पतालों में कार्यरत चिकित्सकों द्वारा निजी अस्पताल संचालित किए जाने के मामलों की उच्चाधिकारियों से जांच कराने, सरकारी अस्पतालों में उनकी उपस्थिति और कार्यप्रणाली की निगरानी करने तथा दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने की मांग मुख्यमंत्री से की गई है।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट