जनपद बांदा।
केन नदी आरती स्थल घाट पर माँ केन की भव्य महाआरती श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने दीपदान किया तथा भजन-कीर्तन के साथ माँ केन की आरती उतारी। जय माँ केन और हर-हर गंगे के जयघोष से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा। हालांकि, धार्मिक आयोजन के बीच केन नदी में कथित अवैध बालू खनन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी भी देखने को मिली।
महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि केन नदी के बीच से बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया जा रहा है। नदी के किनारों से ट्रैक्टर-ट्रालियों और ट्रकों के माध्यम से बालू का उठान किया जा रहा है, जिससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। श्रद्धालुओं ने खनिज विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए मामले में मिलीभगत की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की।

इस अवसर पर गंगा समग्र के जिला संयोजक महेश कुमार प्रजापति ने अपने संबोधन में कहा कि जिस केन नदी के जल से बांदा की जीवनधारा संचालित होती है, उसी नदी का अस्तित्व अवैध खनन के कारण खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नदी केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि क्षेत्र के जनजीवन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का आधार है। उन्होंने खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अधिकारियों की कथित मिलीभगत के बिना इतने बड़े स्तर पर अवैध खनन संभव नहीं है।
महेश कुमार प्रजापति ने जिलाधिकारी और शासन से केन नदी में हो रहे कथित अवैध खनन की तत्काल जांच कराने, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर कठोर कार्रवाई करने तथा यदि किसी अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो गंगा समग्र और श्रद्धालु आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उनके संबोधन के बाद श्रद्धालुओं ने “माँ केन को बचाना है, बालू माफिया को भगाना है” के नारे लगाकर नदी संरक्षण का संकल्प दोहराया।
इस दौरान श्रद्धालुओं और गंगा समग्र की ओर से केन नदी में अवैध खनन तत्काल बंद कराने, खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, खनिज विभाग के अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने, नदी के घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, नियमित पुलिस गश्त कराने, अवैध रूप से बालू का परिवहन करने वाले वाहनों को जब्त करने तथा नदी संरक्षण के लिए स्थायी कार्ययोजना तैयार करने की मांग उठाई गई। महाआरती कार्यक्रम में आलोक सिंह, नंदलाल गुप्ता, आनंद किशोर गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष रजनीश प्रजापति, जिला प्रचार मंत्री लोहा सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Crime 24 Hours / Mitesh Kumar


