हजारों दीपकों से जगमगाया माँ केन आरती स्थल घाट , प्रभु श्री राम की हुई भव्य महाआरती

जनपद बांदा।

दीपावली के शुभ अवसर पर बाँदा के माँ केन आरती स्थल घाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों दीपकों से पूरा केन घाट जगमगा उठा। ऐसा लगा मानो माँ केन के तट पर अयोध्या उतर आई हो। शाम होते ही भक्तों ने अपने हाथों से दीप जलाकर घाट को सजाया और हजारों दीपों को माँ केन नदी में प्रवाहित किया। दीपों की रोशनी में केन नदी का पानी सोने की तरह चमक उठा। पूरा घाट “जय श्री राम – जय माँ केन” के जयकारों से गूंज उठा। इसी अवसर पर प्रभु श्री राम की भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। भगवान श्री राम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में भक्तों ने दीप जलाकर राम जी का स्वागत किया। भजन-कीर्तन, राम धुन और महाआरती के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस आयोजन के आयोजक महेश कुमार प्रजापति, जिला अध्यक्ष विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति एवं जिला संयोजक गंगा समग्र, कानपुर प्रांत – बाँदा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज दीपावली के पावन पर्व पर माँ केन के तट पर हजारों दीप जलाकर हमने प्रभु श्री राम का स्वागत किया है। जैसे त्रेतायुग में अयोध्या में दीप जले थे, वैसे ही आज बाँदा के केन घाट पर दीप जले हैं। उन्होंने कहा कि मैं सभी भक्तों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने अपने घर की दीपावली छोड़कर माँ केन के घाट पर आकर दीप जलाया। यही सच्ची सनातन संस्कृति है। जिलाध्यक्ष ने कहा हमारा संकल्प है कि माँ केन को निर्मल रखना, गौ माता की रक्षा करना और प्रभु श्री राम के आदर्शों को घर- घर तक पहुंचाना। दीप केवल मिट्टी का दीपक नहीं, यह अंधकार पर प्रकाश की जीत है, अधर्म पर धर्म की जीत है।महेश प्रजापति ने बाँदा के सभी लोगों से अपील की है कि हर वर्ष दीपावली पर एक दीप अपने घर के लिए और एक दीप माँ केन और गौ माता के लिए जरूर जलाएं। इस दौरान कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भक्तगण, माताएं-बहनें, युवा कार्यकर्ता, गंगा समग्र के कार्यकर्ता एवं विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में महाप्रसाद का वितरण किया गया।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar