खादी एवं माटी कला महोत्सव-2026 में उमड़ रही भीड़, दर्शक ले रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद

जनपद बांदा।

जनपद बांदा में आयोजित खादी एवं माटी कला महोत्सव-2026 में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर खादी एवं ग्रामोद्योग तथा माटी कला से जुड़े उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं। इसके साथ ही महोत्सव में आयोजित हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। इसी क्रम में कल जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने महोत्सव में लगाए गए विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया तथा खादी एवं माटी कला से निर्मित उत्पादों की खरीदारी भी की।

महोत्सव के अंतर्गत आयोजित चित्रकारी प्रतियोगिता में कुमारी प्रतिभा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्युष कुमार, अटल आवासीय विद्यालय, अछरौंड ने द्वितीय स्थान तथा छात्र राकेश कुमार प्रजापति, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, बबेरू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में पायल खरे के संस्थान ब्लैंक स्लेट द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में गणेश वंदना एवं ‘केसरी के लाल’ की प्रस्तुति अविषेक कुमार जी द्वारा दी गई। वहीं डुएट सतरंग की आकर्षक प्रस्तुति कंचन एवं शिवानी द्वारा दी गई। इसके अतिरिक्त छोटे-छोटे बच्चों द्वारा स्केटिंग की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन दीनदयाल सोनी द्वारा किया गया। चित्रकारी प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में वरिष्ठ कला शिक्षक हनुमान सिंह एवं सौंड चित्राक्षर कलाकार दीनदयाल सोनी शामिल रहे। महोत्सव में उमड़ रही भीड़ और लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि खादी, ग्रामोद्योग एवं माटी कला के उत्पादों के प्रति आमजन में निरंतर रुचि बढ़ रही है। ऐसे आयोजन स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ हमारी पारंपरिक कला एवं संस्कृति को भी नई पहचान प्रदान कर रहे हैं।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट