बेसिक शिक्षा विभाग की जनपद स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन

जनपद बांदा।

शुक्रवार को जनपद बाँदा के डी०ए०वी० इण्टर कॉलेज के क्रीड़ा प्रांगण में बेसिक शिक्षा विभाग की जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मालती गुप्ता बासू नगर पालिका अध्यक्षा, बाँदा द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा सर्वप्रथम माँ सरस्वती के विग्रह की प्रार्थना एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। अतिथियों के स्वागत में छोटे-छोटे बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति की गयी। बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में विकास खण्ड स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों द्वारा प्रतिभाग किया गया। प्रतियोगिता में आज 100 मी० दौड़, खो-खो, कबड्डी, पीटी प्रदर्शन, योगा प्रदर्शन इत्यादि खेलों का आयोजन किया गया। बड़ोखर खुर्द कनवारा कन्या विद्यालय की योगा टीम द्वारा अपनी मनमोहक प्रस्तुती देते हुये उपस्थित समस्त अतिथिगणों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इसी तरह विकास खण्ड बबेरू की पीटी टीम द्वारा अपने प्रदर्शन से समस्त अतिथियों का मन मोहा। समस्त ब्लॉक व्यायाम शिक्षकों एवं निर्णायकों द्वारा अपनी-अपनी टीमों को विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में प्रतिभाग कराते हुये प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, मालती गुप्ता बासू नगर पालिका अध्यक्षा, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला व्यायाम शिक्षक, जिला स्काउट मास्टर, समस्त ब्लॉक व्यायाम शिक्षक एवं विकास खण्डों से आये हुये अन्य अतिथिगण भी उपस्थित रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा मालती गुप्ता बासू नगर पालिका अध्यक्षा एवं मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय का आभार प्रकट करते हुये स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar