जनपद बांदा।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)- 2026 के प्रथम दिवस, दिनांक 25 अक्टूबर, 2026 को जिलाधिकारी बाँदा अमित आसेरी द्वारा पुलिस अधीक्षक बाँदा के साथ परीक्षा केन्द्र इण्टरमीडिएट कालेज, तिन्दवारा एवं विद्यावती निगम मेमोरियल पब्लिक स्कूल, बाँदा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग (फ्रिस्किंग) व्यवस्था, प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था तथा गोपनीय परीक्षा सामग्री के रख-रखाव का अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी द्वारा केन्द्र व्यवस्थापकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया गया कि आयोग द्वारा जारी निर्देश पुस्तिका का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को पूर्ण शुचिता, पारदर्शिता एवं शान्तिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाये। पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहकर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये गये। जनपद बाँदा में उक्त परीक्षा दिनांक 25 एवं 30 अक्टूबर तथा 01 नवम्बर, 2026 को प्रतिदिन दो पालियों (पूर्वान्ह 10:00 से 12:00 बजे तक एवं अपरान्ह 03:00 से 05:00 बजे तक) में कुल 09 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जा रही है। कलेक्ट्रेट स्थित कन्ट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा केन्द्रों की सतत लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है।बताया गया कि जिला प्रशासन बाँदा नकलविहीन, निष्पक्ष एवं सकुशल परीक्षा सम्पन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध है।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


