जनपद बांदा।
मुख्यमंत्री उ०प्र० शासन योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण हेतु चलाए जा रहे अभियान “मिशन शक्ति फेज 6.0” के 10 दिवसीय कार्यक्रम के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता एवं संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जिसके माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशील रहते हुए मानवीय मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना को भी प्राथमिकता देती है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस० व पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल सहित अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा वृद्धा आश्रम पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया गया। इस दौरान वृद्धजनों को वस्त्र, खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। नवरात्रि एवं आगामी दशहरा तथा दीपावली पर्व के अवसर पर बुजुर्गों के बीच पहुंचकर उन्हें आवश्यक सामग्री भेंट कर उनके जीवन में खुशियां बांटा तथा उन्हें अपनत्व, सम्मान और सुरक्षा का एहसास कराया और आगामी त्यौहारों की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस द्वारा यह संदेश दिया गया कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं, उनके अनुभव, संस्कार एवं मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह बुजुर्गों का सम्मान करे, उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखे तथा उन्हें स्नेह एवं सहयोग प्रदान करे। त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग के चेहरे पर मुस्कान हो और कोई भी व्यक्ति स्वयं को उपेक्षित या अकेला महसूस न करे। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर/नोडल अधिकारी मिशन शक्ति प्रतिज्ञा सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन बांदा सहित अन्य पुलिस अधिकारीगणों द्वारा भी बुजुर्गों से आत्मीय संवाद कर वस्त्र एवं खाद्य सामग्री आदि भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


