गणपति बप्पा के दरबार में हुआ भव्य कन्या भोज का आयोजन, सैकड़ों कन्याओं ने छका प्रसाद

जनपद बांदा।

बांदा जनपद के कमासिन कस्बे के राजापुर रोड स्थित गणेश पांडाल परिसर में गुरुवार को गणेश उत्सव पर्व के उपलक्ष्य में नवयुवक सेवा समिति की ओर से विशाल कन्या भोज का आयोजन किया गया। बावन द्वादशी के अवसर पर आयोजित कन्या भोज में सैकड़ों कन्याओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान पांडाल परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

नवयुवक सेवा समिति के अध्यक्ष शंकर यादव ने बताया कि समिति की ओर से पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी गणपति की मूर्ति की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कर गणेश उत्सव धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। उत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बावन द्वादशी के पावन अवसर पर गणेश पांडाल परिसर में विशाल कन्या भोज आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कन्याओं को आमंत्रित कर श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया और प्रसाद वितरित किया गया।

कन्या भोज में शामिल कन्याओं और श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं को संभालते हुए कन्याओं को भोजन कराया। आयोजन में स्थानीय लोगों ने भी बढ़- चढ़कर सहयोग किया। कार्यक्रम के संचालक कुशल यादव ने बताया कि गणेश उत्सव स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और श्रद्धालुओं के सहयोग से प्रत्येक वर्ष उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में छोटू यादव, कमल विश्वकर्मा, सौरभ यादव, सानू शारदा, विक्रांत, पप्पू, विनीत, सत्यबीर सहित अन्य भक्तगणों का विशेष सहयोग रहा।

उन्होंने बताया कि गणेश उत्सव के समापन अवसर पर 25 सितंबर को गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति और भावुक माहौल के बीच गणपति बप्पा को विदाई देंगे। समिति की ओर से विसर्जन कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियां की जा रही है। आयोजकों ने गणेश उत्सव के दौरान सहयोग और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कमासिन पुलिस प्रशासन का भी आभार जताया। पुलिस प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है। आयोजन के दौरान समिति के पदाधिकारियों सदस्यों और श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar