सांड को बचाने में ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलटी

चालक ईंटों के नीचे दबा, ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला; गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती

✍️रिपो-सुनील प्रजापति ऐंधा जालौन

👇👇👇👇👇👇👇👇

रामपुरा (जालौन) ::- रामपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। 8 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे जगम्मनपुर-रामपुरा मार्ग पर सीताराम टाइल्स एंड मार्बल की दुकान के सामने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सामने आए सांड को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक ईंटों के नीचे दब गया, जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, हरौली माधौगढ़ निवासी प्रताप सिंह पुत्र भीकम सिंह ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर सांड आ गया। सांड को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा और पलट गया।

ईंटों के नीचे दब गया चालक

हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर चालक प्रताप सिंह ईंटों के नीचे दब गए। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदीप यादव, नीलेश ठाकुर, रामू और सत्येंद्र सिंह राजावत ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद ईंटों को हटाकर चालक को बाहर निकाला। हादसे की सूचना बिहारी कठिल ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को दी।

एंबुलेंस का इंतजार किए बिना बाइक से पहुंचाया अस्पताल

घायल चालक की हालत गंभीर देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस या एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया। ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल प्रताप सिंह को तत्काल मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

रात में ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर फिर उठे सवाल

हादसे के बाद रात के समय इस मार्ग पर चलने वाले ईंटों से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय इस मार्ग पर लगातार ईंटों से भरे और कथित रूप से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली दौड़ते हैं।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा सख्ती बरतने के दावे किए जाते हैं, तो रात के समय इस मार्ग पर ऐसे वाहन लगातार कैसे निकल रहे हैं?

ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने संबंधित विभाग से रात के समय जगम्मनपुर-रामपुरा मार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान चलाने, वाहनों की क्षमता की जांच करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल हादसे में घायल चालक का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।