आवास में अनियमितता, अवैध शराब और टूटी सड़कों पर शालिनी सिंह पटेल का हल्लाबोल, 400 लोगों के साथ सौंपा ज्ञापन

जनपद बांदा।

जनपद की जनसमस्याओं को लेकर जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में गुरुवार को बांदा के अशोक लाट पर जोरदार जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद के सभी आठ विकासखंडों से करीब 400 महिलाएं, युवा, किसान, मजदूर और ग्रामीण कार्यक्रम में पहुंचे तथा अपनी समस्याएं उठाईं। इस दौरान जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट दिनेश चंद्र को सौंपा गया। ज्ञापन में आवास योजना में कथित अनियमितताओं, अवैध शराब एवं गांजे की बिक्री और हर घर जल योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत न होने जैसे गंभीर मुद्दे उठाए गए। शालिनी सिंह पटेल ने मांग की कि कमासिन, बबेरू, बिसंडा, नरैनी, जसपुरा, तिंदवारी, महुआ और बड़ोखर खुर्द विकासखंडों में आवास योजना की लाभार्थी सूचियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। सर्वे और जियो टैगिंग के बावजूद पात्र गरीब परिवारों को आवास से वंचित रखने तथा अपात्र लोगों को लाभ दिए जाने की शिकायतों की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने उत्तर प्रदेश में बिहार की तर्ज पर पूर्ण शराबबंदी लागू करने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने तथा अवैध शराब की भट्टियों, जहरीली शराब और गांजे की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग भी की। इसके अलावा हर घर जल योजना के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सीसी रोड, आरसीसी सड़कों और खड़ंजों की तत्काल मरम्मत कराने तथा लापरवाही करने वाली कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई गई। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। प्रशासन को केवल आश्वासन देने के बजाय समयसीमा निर्धारित कर धरातल पर कार्रवाई करनी चाहिए। नगर मजिस्ट्रेट ने मौके पर ज्ञापन प्राप्त किया। इसके बाद सभी लोग कचहरी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क पहुंचे, जहां बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई। कार्यक्रम में जेडीयू जिलाध्यक्ष जुगुल किशोर पटेल, महिला जिलाध्यक्ष पिंकी प्रजापति, अतर्रा नगर अध्यक्ष ज्योति मौर्य, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवींद्रनाथ गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, पूर्व जिलाध्यक्ष उमाकांत सविता, नगर विकास जिलाध्यक्ष काशी प्रसाद यादव, बिहारीलाल अनुरागी, श्रीराम प्रजापति, संतोष अकेला, भरतलाल कुशवाहा, रितेश गुप्ता, कुलदीप सिंह, बाली तिवारी, पूनम देवी, राम प्यारी, राजाबेटी, नीतू वर्मा, आशा देवी, भूरा निषाद, महेंद्र सहित करीब 400 ग्रामीण, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट