जनपद बांदा।
बांदा में विकास खण्ड स्तर पर संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी बाँदा अमित आसेरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पंचायत भवनों में सचिवों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश: जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि रोस्टर के अनुसार पंचायत भवनों में ग्राम पंचायत सचिवों की बैठने की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित कराई जाए। प्रशासनिक समिति के माध्यम से प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक रैंडम चेकिंग कराकर सचिव, पंचायत सहायक आदि की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश: मुख्य विकास अधिकारी को पंचायत भवनों में सचिवों एवं संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
शौचालय निर्माण की खराब प्रगति पर नाराजगी: सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की समीक्षा के दौरान बड़ोखर खुर्द, कमासिन सहित कुछ विकास खण्डों में खराब प्रगति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आरआरसी सेंटर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश: जिन ग्राम पंचायतों में आरआरसी सेंटर का निर्माण कार्य शेष है, उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
सामुदायिक शौचालयों का संचालन अनिवार्य: सामुदायिक शौचालयों के भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि किसी भी स्थिति में भुगतान लंबित न रखा जाए। सभी सामुदायिक शौचालयों के सुचारू संचालन के लिए स्वयं सहायता समूहों की वर्किंग का आकलन कर संचालन सुनिश्चित कराया जाए।
जहां इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता, वहां कार्य कराया जाए: जिन सामुदायिक शौचालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की कमी है, वहां तत्काल आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
विद्यालयों की सुरक्षा एवं अनधिकृत प्रवेश पर सख्ती: सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में अनधिकृत रूप से किसी व्यक्ति का प्रवेश न हो तथा बिना अनुमति विद्यालय परिसर में वीडियो/फोटो बनाने की अनुमति न दी जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पोषण वाटिकाओं को उपयोगी बनाने पर जोर: आईसीडीएस की समीक्षा के दौरान सभी विकास खण्डों में पोषण वाटिका तैयार कराने के निर्देश दिए गए। पोषण वाटिकाओं में उगाई जाने वाली सब्जियों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण एवं मिड-डे मील में उपयोग किए जाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई: जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पोषण वाटिका एवं संबंधित कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
जॉब कार्ड धारकों की समीक्षा: सभी खण्ड विकास अधिकारियों से जॉब कार्ड धारकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। जिन अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, उनके प्रति जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यप्रणाली में सुधार एवं बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी: डीसी एनआरएल एम को निर्देशित किया गया कि अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार स्वयं सहायता समूहों का गठन शीघ्र कराया जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत के अंतर्गत पात्र समूहों को चिन्हित कर गठन की प्रक्रिया पूरी करने तथा पूर्व से गठित समूहों का आवश्यकतानुसार शुद्धीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की खराब प्रगति पर नाराजगी: प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में नरैनी, बड़ोखर खुर्द एवं महुआ विकास खण्डों में प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
10 दिन में सुधार के निर्देश: संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में अगले 10 दिनों के अंदर स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए तथा प्रगति की सूचना उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अपेक्षित सुधार सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडे एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारी गण उपस्थित रहे।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


