केन घाट पर गूंजे “हर-हर महादेव” के जयकारे, कावड़ियों का हुआ जोरदार स्वागत

जनपद बांदा।

मंगलवार की शाम विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा एवं गंगा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में केन माता की महाआरती का भव्य आयोजन केन नदी घाट पर किया गया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में पूरा घाट भक्तिभाव, दीपों और देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। संध्या होते ही केन नदी का तट हजारों दीपों से जगमगा उठा। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और ढोल-नगाड़ों के बीच पंडितों द्वारा केन माता की महाआरती संपन्न हुई। सभी भक्तों ने हाथों में दीप लेकर “जय केन माता” के जयकारे लगाए। इसी पावन अवसर पर सावन माह में शिवभक्ति में लीन कावड़ियों का केन नदी घाट पर भव्य स्वागत किया गया। विश्व हिंदू महासंघ, गौरक्षा एवं गंगा समग्र के कार्यकर्ताओं ने कावड़ियों के पैर धोकर, पुष्प वर्षा कर, तिलक लगाकर और प्रसाद वितरित कर उनका अभिनंदन किया।

महाआरती के पश्चात समस्त भक्तों ने एक स्वर में भगवान भोलेनाथ की महाआरती कर देश, प्रदेश और बुंदेलखंड की सुख-समृद्धि की कामना की। “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के नारों से पूरा घाट गूंज उठा। इस अवसर पर गंगा समग्र के जिला संयोजक महेश कुमार प्रजापति ने कहा केन नदी बुंदेलखंड की जीवनरेखा और गंगा की सहायक नदी है। जिस प्रकार गंगा माता का संरक्षण हमारा धर्म है, उसी प्रकार केन माता की शुद्धता और अविरलता को बनाए रखना भी हम सबका कर्तव्य है। आज कावड़ियों का स्वागत कर हमने सनातन सेवा और नदी संरक्षण का संदेश दिया है। विश्व हिंदू महासंघ और गंगा समग्र मिलकर संकल्प लेते हैं कि केन नदी को निर्मल और अविरल बनाने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा नदी बचाओ, गौ बचाओ, संस्कृति बचाओ” – यही हमारे संगठन का मूल मंत्र है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताएं, युवा, बुजुर्ग भक्त एवं दोनों संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था की गई।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar